चिंतपूर्णी के चंबी में घटी घटना, पुलिस ने खंगाली सीसीटीवी फुटेज
दुकानदार बोले, चोरी हुई राशि एलआईसी की थी
बेटा सुबह ही रकम देकर लुधियाना चला गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी थाना क्षेत्र के तहत चंबी में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई। बाइक सवार एक युवक दुकान में रखे बैग से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी लेकर भाग गया। घटना के समय बुजुर्ग दुकानदार दुकान से बाहर गए हुए थे। शिकायत पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह दुकानदार सुदेश किसी काम से दुकान के बाहर गए थे। जब वे लौटे तो उन्होंने देखा कि एक युवक बाइक खड़ी कर दुकान के अंदर मौजूद है। युवक ने उनसे सामान्य बातचीत की और कुछ ही क्षण बाद वहां से निकल गया।
थोड़ी देर बाद जब दुकानदार ने बैग की जांच की तो उसमें रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी गायब मिली। घटना का पता चलते ही वे बाहर पहुंचे, लेकिन तब तक बाइक सवार मौके से भाग चुका था। आसपास के दुकानदारों को भी सूचना दी गई। कुछ लोगों ने उसका पीछा करने की कोशिश की, मगर कोई सुराग नहीं मिल पाया।
सूचना मिलते ही चिंतपूर्णी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र सोनी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक का नंबर ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। दुकानदार सुदेश ने बताया कि चोरी हुई राशि एलआईसी की थी, जो उन्होंने किसी को देने के लिए अलग रखी थी। उनका बेटा सुबह ही यह रकम देकर लुधियाना चला गया था।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध बाइक या युवक के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।