गगरेट वन नाका पर वन विभाग द्वारा पकड़ी लकड़ी कि गाड़ियाँ। स्त्रोत विभाग।
चार वाहन नादौन और दो देहरा विधानसभा क्षेत्र के थे
हिमाचल-पंजाब की सीमा के पास वन विभाग ने की कार्रवाई
वन विभाग की टीम ने गगरेट के समीप लगाया था नाका
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। हिमाचल प्रदेश-पंजाब सीमा के पास वन विभाग की सतर्कता से छह वाहन प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी ले जाते पकड़े गए। इनमें से चार वाहन सीएम के विधानसभा क्षेत्र नादौन और दो वाहन विधानसभा क्षेत्र देहरा से संबंधित थे।
जानकारी के अनुसार वीरवार रात्रि वन विभाग की टीम ने गगरेट के समीप नाका लगाया हुआ था। इस दौरान कुछ पिकअप जीप आती दिखाई दीं। इन्हें रोककर जब तलाशी ली गई तो गाड़ियों में प्रतिबंधित प्रजाति की लकड़ी पाई गई। वाहन चालकों के पास न तो लकड़ी काटने की अनुमति थी और न ही इसे एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के वैध दस्तावेज़।
वन मंडल अधिकारी सुशील राणा ने बताया कि वन संपदा की तस्करी रोकने के लिए विभाग लगातार सतर्क है। अगर गगरेट नाके पर कार्रवाई नहीं होती तो ये छह वाहन लकड़ी लेकर पंजाब की सीमा तक पहुंच चुके होते। सभी वाहनों और लकड़ी को जब्त कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। हिमाचल प्रदेश में अभी भी प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ों का अवैध कटान जारी है, लेकिन वन विभाग की सतर्कता इसे रोकने में कारगर साबित हो रही है।