ऊना शहर में सब्जी फल विक्रेताओं की रेट लिस्ट जांचती टीम।
- फोटो : Una
ऊना। शहर में सब्जी और फल की दुकानों पर रेट लिस्ट न मिलने पर खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग ने 145 किलो सब्जियां और फल जब्त किए। विभाग की इस कार्रवाई के बाद से दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। इसके अलावा पॉलिथीन का प्रयोग करने वाले दो दुकानदारों से एक हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
ऊना शहर में सब्जी की दुकानों पर रेट लिस्ट न लगाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने शहर का औचक निरीक्षण किया। टीम ने 40 दुकानों का निरीक्षण किया। जिन दुकानों पर रेट लिस्ट न लगी थी उनकी 145 किलो सब्जियां और फल जब्त किए। जिला नियंत्रक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राजीव शर्मा ने कहा कि विभाग के निरीक्षकों ने ऊना शहर में मिठाई, किराने और सब्जी की कुल 40 दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सब्जियां और फल जब्त किए गए। वहीं पॉलिथीन का उपयोग करने वाले दो दुकानदारों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। उन्होंने कहा कि सभी सब्जी विक्रेता अपनी दुकानों पर रेट लिस्ट लगाना सुनिश्चित करें। पॉलिथीन का प्रयोग बिल्कुल न करें। उन्होंने कहा कि व्यवसायिक स्थानों पर घरेलू सिलेंडर का उपयोग अवैध है। विभाग भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई करता रहेगा। इस दौरान सुरेंद्र कुमार इंस्पेक्टर गगरेट, दीपक शर्मा इंस्पेक्टर ऊना, कंवलप्रीत कौर इंस्पेक्टर बंगाणा मौजूद रहे।