ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रायंसरी में मंगलवार को बाल विकास परियोजना ऊना द्वारा मासिक धर्म स्वच्छता और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत खंड स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विशेष रूप से लड़कियों को मासिक धर्म में स्वच्छता और हरी सब्जियों के सेवन के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी शिव सिंह वर्मा ने की। आयुर्वेदिक विभाग से डॉ. अनुपम शर्मा ने रिसोर्स पर्सन के रूप में लड़कियों को मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को खानपान, महामारी के दौरान सावधानियों और पोषण के महत्व के बारे में बताया, खासकर एनीमिया की कमी को दूर करने के उपायों पर जोर दिया।
शिव सिंह वर्मा ने कहा कि सुदृढ़ नींव के लिए उचित पोषण जरूरी है और कुपोषण मुक्त भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी तक उचित पोषण पहुंचाना अनिवार्य है। इसके अलावा, उन्होंने पोषण अभियान का उद्देश्य किशोरियों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को पोषण के बारे में जागरूक करना बताया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार ने बच्चों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की जानकारी दी और लड़कियों को अच्छे और बुरे स्पर्श के बारे में भी जागरूक किया। इस मौके पर उपप्रधान दलजीत सिंह, पर्यवेक्षक कुलबीर कौर, नानकी देवी, नरेश कुमारी और पोषण ब्लॉक कोऑर्डिनेटर गुरमुख सिंह उपस्थित थे।
नारा लेखन में रिया और भाषण में इशिका प्रथम
जागरूकता शिविर के दौरान बच्चों में नारा लेखन और भाषण प्रतियोगिता करवाई गई। नारा लेखन प्रतियोगिता में रिया ने पहला, सुखविंदर कौर ने दूसरा और यशप्रीत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। भाषण में इशिका ने पहला, दिव्या ने दूसरा और परमजोत व अंशिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। विजेताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।