स्वास्थ्य विभाग ने मशीनों की खरीद के लिए शुरू की प्रक्रिया
स्थायी तौर पर रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए भी भेजी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। उपमंडल बंगाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। नागरिक अस्पताल बंगाणा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाकलां में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। इसके लिए आवश्यक सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर ली गई हैं और अल्ट्रासाउंड मशीनों की खरीद प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अस्पतालों में इस सुविधा के शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। वर्तमान में गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए निजी लैबों या जिला मुख्यालय ऊना जाना पड़ता है। निजी लैबों में जहां एक अल्ट्रासाउंड की जांच के लिए 1000 से 1500 रुपये तक खर्च करना पड़ता है, वहीं सरकारी अस्पतालों में यह सेवा गर्भवती महिलाओं के लिए निशुल्क उपलब्ध होती है। नई सुविधा से क्षेत्र की लगभग 35 पंचायतों को लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल बंगाणा में स्थायी रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की मांग भी उठाई है। इस संबंध में तैयार प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। इसके अतिरिक्त, विभाग ने एक चिकित्सक को गर्भवती महिलाओं से संबंधित अल्ट्रासाउंड के लिए सोनोलॉजिस्ट प्रशिक्षण भी प्रदान किया है, ताकि रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति होने तक सेवाएं प्रभावित न हों। उपमंडल के दूरदराज क्षेत्रों के लोग भी इन दोनों अस्पतालों पर निर्भर हैं, इसलिए अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से समय और धन दोनों की बचत होगी।
कोट
बंगाणा और थानाकलां अस्पतालों के लिए अल्ट्रासाउंड मशीनों की खरीद प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। जल्द ही मशीनों की स्थापना का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही, बंगाणा के लिए स्थायी रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध करवाने की मांग भी विभाग के समक्ष रखी गई है। -डॉ. नरेश शर्मा, स्वास्थ्य खंड अधिकारी, थानाकलां