अंब (ऊना)। अंब बाजार स्थित शाह और नाज शॉपिंग कांप्लेक्स में वीरवार दोपहर बिजली की तार जलने से करीब 16 दुकानों की विद्युत आपूर्ति घंटों ठप रही। देर शाम तक बिजली बहाल नहीं होने पर दुकानदारों ने बोर्ड के प्रति नाराजगी जताई।
दुकानदार धर्म सिंह, अनिल ठाकुर और दविंदर सिंह ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे मुख्य तार जलने के तुरंत बाद इसकी सूचना बिजली बोर्ड को दे दी गई थी। उनका आरोप है कि बोर्ड कर्मचारियों ने उन्हें नई तार की व्यवस्था स्वयं करने के लिए कहा। दुकानदारों का कहना है कि जब बिजली बोर्ड उपभोक्ताओं से विभिन्न सेवा शुल्क वसूलता है तो तार और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना भी बोर्ड की जिम्मेदारी है। उन्होंने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शीघ्र व्यवस्था सुधारने की मांग की।
उधर, विद्युत बोर्ड के एसडीओ जुगल किशोर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि आवश्यक तार उपलब्ध होते ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।