ऊना। हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती 2021 के लिए जिला ऊना की पुलिस भर्ती पांच से 15 जनवरी तक झलेड़ा स्थित पुलिस लाइन के मैदान में होगी। इसके लिए सभी योग्य अभ्यर्थियों को उनकी शारीरिक दक्षता परीक्षा (ग्राउंड टेस्ट) की तिथि एसएमएस से ऑनलाइन फॉर्म भरते समय दर्ज किए गए मोबाइल नंबर पर भेज दी गई है।
सभी योग्य अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड recruitment.hppolice.gov.in पर अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर व पासवर्ड भर कर डाउनलोड कर सकते हैं। सभी अभ्यर्थी पुलिस ग्राउंड टेस्ट की तिथि को सुबह सात बजे पुलिस लाइन ग्राउंड में अपने एडमिट कार्ड एवं संबधित दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट करेंगे।
उधर, पुलिस भर्ती की तिथि नजदीक आते हुए युवाओं ने अपने अभ्यास को बढ़ा दिया है। रोजाना सुबह सड़क किनारे दौड़ लगाकर युवक शारीरिक टेस्ट के लिए तैयारी कर रहे हैं। खाकी पहनने के लिए युवाओं में काफी क्रेज दिख रहा है।
कुछ युवा विशेष तौर पर शारीरिक दक्षता टेस्ट के लिए कोचिंग भी ले रहे हैं। पुलिस भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा में कई पड़ाव होंगे। इनमें लंबाई के बाद दौड़, लांग जंप, हाईजंप समेत अन्य पड़ाव को पार करना होगा।
एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि पुलिस भर्ती के लिए तैयारियां की जा रही है। यदि किसी भी अभ्यर्थी को पुलिस भर्ती के बारे में कोई भी जानकारी हासिल करनी है तो वह 8894803383, 9816271442, 9816307295 दूरभाष नंबरों पर सुबह 10 बजे से सायं 5 बजे की बीच में जानकारी हासिल कर सकता है।