दौलतपुर चौक(ऊना)। हिम आंचल पेंशनर्स संघ खंड गगरेट की मासिक बैठक सोमवार को दौलतपुर चौक स्थित निजी होटल में रामपाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पेंशनरों ने लंबित पड़ी मांगों को लेकर सरकार के प्रति कड़ा रोष व्यक्त किया। अध्यक्ष रामपाल शर्मा ने बताया कि जुलाई 2023 से जनवरी 2026 तक महंगाई भत्ते (डीए) की 13 प्रतिशत किस्तों का भुुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा बीते 48 माह का एरियर भी लंबित है। उन्होंने बताया कि भुगतान में हो रही देरी से पेंशनरों में सरकार के प्रति रोष है।
शर्मा ने कहा कि सरकार हर बार मांग पूरा करने का आश्वासन देती है लेकिन 48 माह के एरियर का भुगतान नहीं किया। मेडिकल बिल भी विभिन्न विभागों में लंबे समय से लंबित पड़े हैं। उन्होंने सरकार से इन बिलों का जल्द निपटारा करने की मांग की।
संघ के प्रदेश मुख्य प्रेस सचिव सतदेव पराशर ने कहा कि 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर पेंशनरों की 5 प्रतिशत, 10 प्रतिशत और 15 प्रतिशत अतिरिक्त भत्ता पेंशन के मूल वेतन में समायोजित करने की पुरानी मांग को भी जल्द पूरा किया जाए।