संवाद न्यूज एजेंसी
संतोषगढ़ (ऊना)। क्षेत्र की एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में तैनात एक अध्यापक पर शराब का सेवन कर स्कूल आने का गंभीर आरोप लगा है। विद्यार्थियों की बेवजह पिटाई का आरोप भी उक्त अध्यापक पर लगा है। इस मामले में बच्चों से जानकारी पाकर बुधवार को स्कूल पहुंचे अभिभावकों ने रोष जताया। अभिभावकों ने प्रधानाचार्य को मामले की जानकारी देते हुए ठोस कार्यवाही की मांग की।
बताया जा रहा है कि अभिभावकों के स्कूल पहुंचने पर भी कला अध्यापक नशे की हालत में था। अभिभावकों ने आरोपी शिक्षक का मेडिकल करवाने के लिए प्रधानाचार्य को कहा। अभिभावकों ने अपना नाम न छापने पर बताया कि स्कूल के प्रधानाचार्य ने उन्हें आश्वस्त किया है कि वह इस बारे में उक्त अध्यापक से बात करेंगे व भविष्य में ऐसा न हो सुनिश्चित करेंगें। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेेश्क जनक सिंह ने बताया कि मामला ध्यान में नहीं है। मामले को लेकर रिपोर्ट ली जाएगी।