बंगाणा/लठियाणी (ऊना)। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने शुक्रवार को कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत डीहर, धनेत, समूर, बरनोह और बरनोह में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और संबंधित विभागों को उन्हें जल्द निपटाने के निर्देश दिये। ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि सरकार ने शिवा प्रोजेक्ट चलाया है। इसमें बड़े स्तर पर फलदार पौधे अनार, अमरूद और माल्टा लगाए जाएंगे। इससे किसानों की आमदनी में बढ़ोतरी होगी।
प्रोजेक्ट के अंतर्गत उन क्षेत्रों को विकसित करने को प्राथमिकता दी गई है, जहां अभी तक फल उत्पादन कम होता है। इसके अतिरिक्त ऐसे स्थानों को भी परियोजना में शामिल किया गया है, जहां जंगली जानवरों से प्रभावित किसानों ने खेतीबाड़ी करना छोड़ दिया है, ताकि इन क्षेत्रों के लोगों को बागवानी से जोड़कर आर्थिक रूप से सक्षम बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि चपलाह और खैरियां में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से चैक डैम बनने से आसपास के कई गांवों को लाभ मिलेगा और स्थानीय किसानों की हजारों कनाल भूमि सिंचित भी होगी। उन्होंने ग्राम पंचायत डीहर में बन रहे पंचायत घर का निरीक्षण कर कार्य को समयावधि रहते पूरा करने को कहा और लोगों की समस्याएं भी सुनी। जिले में पारंपरिक तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए भी सर्वेक्षण तैयार किया जा रहा है ताकि इनका सुधार कर इन्हें मत्स्य पालन की व्यवसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा सके। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोहर लाल, मंडलाध्यक्ष मास्टर तरसेम सहित पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।