नियुक्त मल्टी टास्क वर्कर प्रतिनियुक्ति पर जाने से बड़ी मुश्किलें
एसएमसी ने उठाई वापस भेजने की मांग, बोले- प्रभावित हो रहा स्कूल का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
नारी (ऊना)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला गूगल बस्ती में नियुक्त मल्टी टास्क वर्कर साविया बेगम को पिछले एक वर्ष से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया है। इससे विद्यालय में बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। नर्सरी से लेकर पांचवीं क्लास तक कुल आठ कक्षाएं एक ही अध्यापक द्वारा संभाली जा रही हैं। अध्यापक को छुट्टी लेना भी दुर्लभ हो गया है, जबकि इस कार्यालय में पहले ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कार्यरत हैं। विद्यालय में बिना मल्टी टास्क वर्कर से कार्य करने में मुश्किलें पेश आ रही हैं। एसएमसी कमेटी की प्रधान सुनीता देवी सदस्य आप पूनम देवी, स्नेहलता, सरिता देवी, तपस्या देवी का कहना है कि आठ कक्षाओं के लिए एक ही अध्यापक है और स्कूल के अन्य छोटे-मोटे कार्य भी उसे ही करने पड़ते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई का नुकसान हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि शीघ्र खंड शिक्षा अधिकारी गगरेट दो से इस मल्टीटास्क वर्कर को वापस गूगल बस्ती स्कूल में भेजा जाए, ताकि वहां का कार्य भी सुचारू रूप से चल सके और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
उधर, खंड शिक्षा अधिकारी गगरेट दो अश्मील अख्तर का कहना है कि इस मल्टी टास्क वर्कर को बीमारी के कारण ही यहां रिपोर्ट किया गया था, परंतु अब 3 जून के बाद उसे स्कूल गूगल बस्ती में दोबारा वापस भेज दिया जाएगा, ताकि स्कूल का कार्य और ठीक ढंग से चले।