भरवाईं/ऊना। जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई। दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों हादसों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहला सड़क हादसा चिंतपूर्णी के सिद्ध चलेहड़ के पास हुआ। यहां टिपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर घायल हो गया। पिंटू (32) पुत्र मागू निवासी नापगा उत्तर प्रदेश और अश्वनी कुमार उजागर सिंह निवासी वरिंग जंजघर थाना रामामंडी जालंधर कैंट पंजाब शनिवार देर शाम जालंधर से माता चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए चले थे। रात को 11 बजे सिद्ध चलेहड़ पहुंचने पर पीछे से मुबारिकपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार टिपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टिपर की टक्कर लगने से बाइक चालक अश्वनी कुमार सड़क के किनारे बनी नाली में गिर गया। पिंटू सड़क की तरफ गिर गया और टिपर के पिछले टायर के नीचे आ गया। इस हादसे में पिंटू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है।
दूसरा हादसा डंगोली के महादेव मंदिर के पास पेश आया।
इसमें सड़क पर जा रहे एक व्यक्ति को बैल ने टक्कर मार दी। स्वर्ण सिंह (53) पुत्र वरियाम सिंह निवासी गांव डंगोली जिला ऊना रविवार को किसी काम से जा रहा था। इस दौरान डंगोली से महादेव मंदिर को जाने वाली सड़क पर एक बैल ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। बैल की टक्कर से घायल स्वर्ण सिंह को ऊना अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक हालत में पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया है। एसपी अर्जित सेन ठाकुर का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों हादसों की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने चिंतपूर्णी के सिद्ध चलेहड़ के पास पेश आए हादसे में घायल व्यक्ति के बयान दर्ज कर आरोपी टिपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए ऊना भेज दिया है।े