भरवाईं(ऊना)। शुक्रवार को सावन माह की संक्रांति के अवसर पर मां का दरबार रंग बिरंगे फूलों से सजाया गया था। संक्रांति के अवसर पर दिन भर मां के दरबार में श्रद्धालुओं की रौनक लगी रही।
संक्रांति के अवसर पर शाम छह बजे तक लगभग ग्यारह हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शनों के लिए दर्शन पर्ची ले चुके थे। शाम के समय मंदिर अधिकारी अभिषेक भास्कर ने मंदिर की व्यवस्थाओं को जांचा और मंदिर में तैनात सुरक्षा कर्मियों को उचित दिशा निर्देश दिए। पिछले दिनों के मुकाबले प्रशासन के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार व्यापक प्रबंध दिखे।
जहां मंदिर में ज्यादा देर श्रद्धालुओं को रुकने नहीं दिया जा रहा था। वहीं, कोविड के नियमों का पालन करवाकर ही भक्तों को मां के दरबार में भेजा जा रहा था।
पुलिस प्रशासन भी भीड़ नियंत्रण करने के लिए सतर्क दिखा। वहीं, लिफ्ट वाली साइड पर भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाकर व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त रखा गया और लिफ्ट के दुरुपयोग पर पूरी तरह से पाबंदी लगी हुई थी। मंदिर सहित पूरे चिंतपूर्णी एरिया में 40 पुलिस कर्मी व्यवस्था बनाने में तैनात किए हुए थे। मंदिर सुरक्षा अधिकारी बनाए गए थाना प्रभारी कुलदीप सिंह भी अपनी टीम के साथ दिनभर चिंतपूर्णी बाजार का दौरा करते रहे। वहीं, उन्होंने मंदिर और बाजार का निरीक्षण भी किया। इस दौरान थाना प्रभारी दुकानदारों और श्रद्धालुओं को ठीक ढंग से मास्क पहनने के लिए कहते दिखे। उधर, मंदिर अधिकारी अभिषेक भास्कर ने कहा कि चिंतपूर्णी में संक्रांति के दिन व्यवस्थाओं में पहले से काफी ज्यादा सुधार देखने को मिला है। पुलिस प्रशासन भी बेहतर कार्य कर रहा है। संक्रांति के दिन श्रद्धालुओं ने बड़े ही आरामदायक तरीके से मंदिर माता रानी के दर्शन किए।