भाजपा द्वारा घोषित उम्मीदवारों के मुकाबले चुनावी जंग में उतरे बागियों के खिलाफ पार्टी ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। वीरवार को जिलाध्यक्ष ने बागी होकर चुनाव लड़ने वालों को नोटिस भेजकर दो दिन के भीतर चुनाव प्रचार बंद करने के निर्देश दिए हैं। जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि इन लोगों ने बगावत का रास्ता नहीं छोड़ा, तो इनके खिलाफ पार्टी नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
मीडिया में जारी बयान में बलवीर बग्गा ने कहा कि पार्टी ने काफी सोच विचार के बाद जीत सुनिश्चित करने वाले उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। पार्टी के कुछ लोग बागी होकर चुनाव मैदान में हैं, जो पार्टी नियमों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पहले ही तय कर दिया है कि जिला परिषद चुनावों में केवल एक उम्मीदवार मैदान में उतारा जाएगा। ऐसे में पार्टी निर्देशों को न मानना अनुशासनहीनता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने भी प्रदेश स्तर पर पार्टी के स्टैंड को साफ किया है। जिलाभर के 17 जिला परिषद वार्डों में जो भी पार्टी समर्थित उम्मीदवार के विरुद्ध चुनाव मैदान में हैं, वे तुरंत प्रभाव से अपना चुनाव प्रचार बंद करें और पार्टी हित में पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी के पक्ष में काम करें।