ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के स्टोर से ऑक्सीजन सप्लाई की कॉपर पाइपलाइन चोरी होने का मामला अभी तक अनसुलझा है। इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एसके वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके संज्ञान में यह मामला बीती आठ अगस्त को आया। अस्पताल के स्टोर में जो ऑक्सीजन सप्लाई की कॉपर पाइपलाइन रखी गई थी, उन्हें बाथू व पंडोगा में बनाए गए कोरोना सेंटरों से दिसंबर 2022 और जनवरी 2023 में उखाड़ा गया था। इसके बाद सारी पाइपलाइन को क्षेत्रीय अस्पताल के स्टोर में रखा गया, लेकिन आठ अगस्त को फार्मेसी अधिकारी क्षेत्रीय अस्पताल ऊना राजेश कुमार ने उन्हें बताया कि स्टोर में कॉपर पाइपलाइन गायब है।
इसके बाद इसकी लिखित सूचना पुलिस को भी दी गई। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने भी मामले की अपने स्तर पर पड़ताल के लिए एक कमेटी का गठन किया। कमेटी ने 20 अगस्त को अपनी रिपोर्ट सौंपी, जिसमें स्टोर से जुड़ा कामकाज देखने वाले विभिन्न लोगों के बयान लिए गए थे। इसके साथ ही कमेटी ने परामर्श दिया कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फार्मेसी पदाधिकारी राजीव कुमार ने 27 अगस्त 2022 से 20 मार्च 2024 तक जिला स्टोर कीपर का प्रभार संभाला था। इसके बाद उनका ट्रांसफर सीएचसी थानाकलां में किया गया। उसके बाद से राजेश कुमार कार्यभार संभाल रहे हैं। कहा कि स्टोर का कामकाज देखने वाले मजदूर सुरेश कुमार ने बताया कि जिस समय अस्पताल में कॉपर पाइपलाइन आई थी, तो उसी से स्टोर में रखी थी।
पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने कहा कि मामले की जांच के लिए सीसीटीवी जांचे जा रहे हैं। हालांकि यह वारदात किस दिन हुई, इसका सुराग पता लगाना चुनौती है, जिसको लेकर पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।