अंब में मोबाइल शॉप पर लगी आग को बुझाते लोग। -संवाद
अंब (ऊना)। क्षेत्र के ऊना रोड पर स्थित एक मोबाइल शॉप में सोमवार दोपहर को अचानक आग लग गई। इससे दुकानदार और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में करीब 15 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार घटना के समय दुकानदार नरेंद्र पाल दुकान के बाहर थे। जैसे ही वह अंदर आए उन्होंने देखा कि आग तेजी से फैल रही थी। दुकानदार और आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते सारा सामान जलकर खाक हो गया।
नरेंद्र पाल ने बताया कि उनकी दुकान में मोबाइल सेट्स, एक्सेसरीज और रिपेयर मशीनों के अलावा गोदाम में रखा सारा सामान जल गया। इस घटना में अनुमानित नुकसान लगभग पंद्रह लाख रुपये का है। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। स्थानीय व्यापार मंडल के प्रधान कुलदीप शर्मा ने फायर ब्रिगेड की देरी से पहुंचने पर रोष व्यक्त किया। वहीं, नगर पंचायत अंब की अध्यक्ष इंदू धीमान भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।