101वें जन्मदिन पर बोले-सोशल मीडिया की लत से बचें युवा
नशे के खिलाफ समाज को मिलकर लड़नी होगी जंग
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। वर्ष 1965 और 1971 के भारत-पाक युद्धों के योद्धा एवं सिख रेजिमेंट के पूर्व सैनिक सरदार पूर्ण सिंह ने अपने 101वें जन्मदिन पर युवाओं को जीवन के महत्वपूर्ण संदेश दिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सोशल मीडिया और रील बनाने की दौड़ से निकलकर अपने करियर, शिक्षा और देश सेवा पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
जीवन का शतक पार कर चुके सरदार पूर्ण सिंह आज भी उत्साह और अनुशासन की मिसाल हैं। सलीके से सजी पगड़ी, सफेद दाढ़ी और सीने पर सजे वीरता पदक उनके गौरवशाली सैन्य जीवन की गवाही देते हैं। जन्मदिन समारोह में विधायक राकेश कालिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पूर्व सैनिक ने कहा कि मोबाइल फोन और सोशल मीडिया ने लोगों के बीच संवाद कम कर दिया है। पहले युवा अपने भविष्य को संवारने के लिए मेहनत करते थे, जबकि आज कई युवा अपना अधिकांश समय सोशल मीडिया पर व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से समय का सदुपयोग कर अपने लक्ष्य निर्धारित करने की अपील की।
बढ़ते नशे के प्रकोप पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि चिट्टे जैसे घातक नशे युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना रहे हैं। इस समस्या से निपटने के लिए समाज, परिवार और प्रशासन को मिलकर प्रयास करने होंगे।
इस अवसर पर उन्होंने अग्निवीर योजना पर भी अपने विचार व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से योजना के विभिन्न पहलुओं पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।