हरोली में अायोजित बैठक के दारान उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री।
- फोटो : अमर उजाला
उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ग्रामीण उत्पादों को बाजार मुहैया करवाने और इनकी मार्केटिंग की संभावनाएं तलाशने के लिए उद्योग विभाग, पीएचडी चैंबर आफ कॉमर्स और औद्योगिक एसोसिएशनों से संयुक्त प्रयास करने का आह्वान किया है। उद्योग मंत्री रविवार को पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में उद्यमियता विकास कार्यक्रम के तहत आयोजित 30 दिवसीय प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित करने के अवसर पर बोल रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन खाद्य प्रसंस्करण के राष्ट्रीय मिशन के तहत किया गया था। उद्योग मंत्री ने कहा कि हमारे ग्रामीण परिवेश में बुजुर्ग महिलाओं के पास अभी भी आचार, पापड़, बड़ियां और अन्य खाद्य उत्पाद तैयार करने का बेमिसाल हुनर है और इन उत्पादों के स्वाद तथा गुणवत्ता का भी कोई सानी नहीं है।
ग्रामीण परिवेश में महिलाओं के स्वयं सहायता समूह भी इन उत्पादों को तैयार कर अपने परिवारों की आर्थिकी मजबूत करने की दिशा में अग्रसर हैं, लेकिन इन उत्पादों के विपणन की कोई ठोस व्यवस्था न हो पाने की वजह से इन्हें वाजिब दाम और बाजार मुहैया नहीं हो पा रहा। इनके हुनर को बाजार देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण शिविर में भी 30 प्रतिभागियों ने एक महीने तक ग्रामीण खाद्य उत्पादों को तैयार करने का कौशल हासिल किया है और इन्हें स्वरोजगार मुहैया करवाने के लिए इन उत्पादों की मजबूत मार्केटिंग के लिए पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स, स्थानीय औद्योगिक एसोसिएशन और उद्योग विभाग के अधिकारियों को समन्वित प्रयास करने होंगे। इस अवसर पर पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स की हिमाचल इकाई के सलाहकार और पूर्व आईएएस अधिकारी दलजीत डोगरा ने उद्यमियता विकास की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स की हिमाचल इकाई के चेयरमैन ध्यान चंद ने उद्योग मंत्री का स्वागत किया और प्रशिक्षणार्थियों को भी टिप्स प्रदान किए।
इस अवसर पर एचडी चैंबर ऑफ कामर्स की हिमाचल इकाई के सलाहकार दलजीत डोगरा, चेयरमैन ध्यान चंद, हरोली ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत राणा, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, टाहलीवाल ट्रक यूनियन के अध्यक्ष और खादी बोर्ड के निदेशक सतीश बिट्टू, हरोली ब्लॉक इंस्डस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल, जिला कांग्रेस लीगल सेल के संयोजक वीरेंद्र मनकोटिया, विनोद बिट्टू, उद्योग विभाग के उपनिदेशक अंशुल धीमान सहित हरोली पंचायत की प्रधान सहित अनेक गण्यमान्य लोग और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।