साहो की बरौर पंचायत का मामला, परिजनों और ग्रामीणों ने उठाई आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
अचेत अवस्था में मिला था सोनू कुमार, मेडिकल कॉलेज लाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। साहो क्षेत्र की बरौर पंचायत के छमैरी में व्यक्ति का संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनू कुमार 36 वर्षीय पुत्र प्रकाश चंद के रूप में हुई है। देर रात घर न लौटने पर परिजन तलाश करते हुए छमैरी नामक स्थान के साथ स्थित नहर के समीप पहुंचे तो वहां पर सोनू अचेत अवस्था में मिला।
परिजनों ने उसे उठा कर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई भोलू ने कुछ लोगों पर सड़क विवाद को लेकर उसके भाई की हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पूरा दिन प्रभावित परिवार और ग्रामीणों ने जमकर मेडिकल कॉलेज चंबा और पुलिस थाना में सुबह 9 बजे से लेकर सायं 4 बजे तक जमकर हंगामा किया।
इसके बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने पर परिजन मृतक के पोस्टमार्टम के लिए माने। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले किया गया। वहीं, नुरपूर से फोरेंसिक और पुलिस टीम ने घटनास्थल पर आवश्यक साक्ष्य भी एकत्रित किए हैं।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के भाई भोलू ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 8:00 बजे सोनू रोजमर्रा की तरह अपनी गाड़ी चमीणू में खड़ी कर घर लौट रहा था। इसका प्रमाण सीसीटीवी फुटेज है, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा। परिवार के सदस्यों ने उसे कई फोन भी किए, लेकिन फोन न उठाने पर परिवार को उसकी चिंता होने लगी। परिजनों ने अपने सगे-संबंधियों और रिश्तेदार को भी फोन किए। उसका कोई सुराग न मिलने पर वे उसकी तलाश में निकल पड़े। बताया कि घर से कुछ ही दूरी पर छमैरी नामक स्थान पर रास्ते और नहर के समीप खून के धब्बे मिले जबकि सोनू अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उन्होंने उसे उठा कर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया। जहां पर उसे मृत करार दिया गया। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय यादव ने बताया कि पुलिस देखरेख में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।