नाके के दौरान धरे आरोपी, दोनों चंबा के रहने वाले
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। पुलिस के नशे के खिलाफ विशेष अभियान के तहत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट की टीम ने चौहड़ा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान 10.08 ग्राम चिट्टा संग दो युवक गिरफ्तार किए हैं। आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय कमल भारद्वाज निवासी धार डाकघर भंजराडू तहसील चुराह और 21 वर्षीय मोहिंदर सिंह गांव चरोटा डाकघर गनेड़ तहसील चुराह जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जांच आरंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार एसआईयू दल चौहड़ा क्षेत्र में वाहनों की नियमित जांच कर रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब सवा एक बजे पठानकोट की ओर से भलेई-तलेरू आ रही एक मारुति ऑल्टो कार को तलाशी के लिए रुकवाया। कार में सवार दोनों युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और स्वयं को स्थानीय निवासी बताते हुए जांच से बचने की कोशिश करने लगे। हालांकि, सतर्क पुलिस दल ने बिना किसी दबाव के वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से कुल 10.08 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस थाना खैरी में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस संभावित नशा तस्करी नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।