ऊना। अंतरराज्यीय बस अड्डा परिसर में शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति सीढि़यों से गिरकर धरातल पर बनी पार्किंग में जा गिरा। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना बस अड्डे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, अमित कुमार पुत्र सरदारी राम, निवासी सैली गांव तहसील बड़सर शुक्रवार देर रात चंडीगढ़ से ऊना पहुंचा। बस से उतरने के बाद अमित बस अड्डे परिसर में स्थित दुकानों के पास से आराम करने लगा। कुछ देर बाद वह वहां से उठा और परिसर में मौजूद रेस्तरां की तरफ जाने वाली सीढ़ियों के पास पहुंचा। जहां से अमित परिसर के धरातल में स्थित पार्किंग में जा गिरा। सुबह के समय लोगों की नजर पार्किंग में गिरे अमित पर पड़ी तो उसे अस्पताल पहुंचाया। क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद ऊना चौकी पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। मृतक की पहचान करने के बाद उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों का सौंप दिया। दूसरी ओर पुलिस अड्डे में लगे सीसीटीवी फुटेज का रिकार्ड ले लिया है।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक का पोस्टमार्टम करवा दिया है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए मृतक का बिसरा जांच के लिए भेज दिया है। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज चेक किया जा रहा है।