अंब (ऊना)। क्षेत्र के नारी गांव के ग्रामीणों का सड़क के लिए दशकों लंबा इंतजार जल्द खत्म हो जाएगा। गांव के लिए नाबार्ड के तहत 11 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य जल्द आरंभ हो जाएगा। जिससे विशेष रूप से यह मार्ग नारी गांव के लोगों के लिए नई जीवन रेखा बन जाएगा।
लगभग छह किलोमीटर लंबे इस सड़क मार्ग के निर्माण से नारी, चोरबड़, बिल्लां दा थप्पल, राजपुर जस्वां और घगोह के सैकड़ों लोगों को लाभ होगा। ग्राम पंचायत ज्वार के तहत नारी गांव के लिए ज्वार नेशनल हाईवे (एनएच) तीन से निकलने वाले संपर्क मार्ग पर शुरुआत में ही लगभग 850 मीटर दूरी तक वन क्षेत्र पड़ता है। हालांकि वहां से कच्चा मार्ग निकाला गया है, लेकिन वह इतना उबड़-खाबड़ और खड्डों, नालों वाला है कि यहां पर से वाहन ले जाना बेहद मुश्किल काम है।
यहां दोपहिया वाहन लेकर जाना भी खतरनाक है। हालात ऐसे हैं कि किसी के बीमार होने पर उसे चारपाई पर बैठाकर ज्वार तक एनएच पर लाना पड़ता था। बीच में पड़ते इस वन क्षेत्र के कारण दशकों तक इस सड़क का निर्माण कार्य नहीं किया जा सका, लेकिन अब वन क्षेत्र के तहत पड़ती इस भूमि को वन विभाग से स्वीकृति मिल गई है। भूमि लोक निर्माण विभाग के नाम कर दी गई है। जिससे इस पर सड़क बनाने का रास्ता साफ हो गया है। इसके लिए नाबार्ड के तहत 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह सड़क मार्ग ज्वार से नारी, चोरबड़, बिल्लं दा थप्पल, राजपुर जस्वां से होता हुआ घगोह से जुड़ेगा। इस सड़क मार्ग पर बिल्लां दा थप्पल में खड्ड पर एक पुल का भी निर्माण किया जाएगा। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हरगोविंद कौशल ने बताया कि नाबार्ड के तहत बनने वाले सड़क मार्ग के लिए बजट का प्रावधान होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।