संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। रोड सेफ्टी क्लब गगरेट की बैठक शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के गगरेट स्थित विश्राम गृह में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष विशाल पुरी ने की। पुलिस थाना गगरेट के प्रभारी मनोज कौंडल ने बैठक में विशेष रूप से शिरकत की।
बैठक में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए यातायात नियमों का सख्ती से पालन करवाने पर जोर दिया गया। बैठक में गगरेट कस्बे की अतिक्रमण से संकरी होती जा रही सड़कों का मुद्दा भी जोरशोर से उठा। लोगों ने कहा कि कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला दिया है और सड़क के साथ बनी नालियों पर पक्के रैक लगा दिए हैं। इससे यातायात में बाधा हो रही है। राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एसएचओ मनोज कौंडल ने कहा कि अतिक्रमण के मुद्दे पर एसडीएम गगरेट को पत्र लिखकर कार्रवाई सुनिश्चित करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण करने वालों को जल्द ही चेतावनी भी जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस माह 1100 से अधिक चालान कर यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों से सात लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया है।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग विंग द्वारा आशादेवी-नादौन मार्ग पर लगाए जा रहे क्रैश बैरियर से यातायात में पैदा हो रही बाधा के बारे अधिकारियों को बताया गया। इस पर एसडीओ एनएच ने कहा कि संबंधित ठेकेदार को क्रैश बैरियर दुरुस्त करने को कहा गया है।
बैठक में क्लब की ओर से एसएचओ मनोज कौंडल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत गगरेट के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह तोतू, पार्षद अनिल कुमार, एसडीओ एनएच नरेश कौशल, अरविंदर सलोटा, कनिष्ठ अभियंता गौरव शर्मा भी मौजूद रहे।