उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में एससीएसपी व नाबार्ड के तहत लगभग सवा दो करोड़ की लागत से स्थापित तीन सिंचाई नलकूपों का उद्घाटन किया। जिनमें 76-76 लाख की लागत से ठाकरां व कुठारबीत तथा 63 लाख की लागत से मकोड़गढ़ में स्थापित नलकूप शामिल हैं।
इन सिंचाई नलकूपों के कार्यशील हो जाने से ठाकरां, कुठारबीत तथा मकोड़गढ़ गांवों की लगभग 70 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित हुई है। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इन गांवों में आजादी के 70 वर्षों के बाद लोगों के खेतों को सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित हुई है। बीत क्षेत्र के प्रत्येक खेत को पानी की सुविधा मिले इसके लिए 44 करोड़ की बीत एरिया सिंचाई योजना का कार्य अंतिम चरण में है।
उद्योग मंत्री ने ग्राम पंचायत कुठारबीत में लोगों की मांग पर जिम खोलने तथा ठाकरां में सराय के निर्माण करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने कुठारबीत मेें हरिजन बस्ती से जोडियां पीरथान तक बनने वाली सड़क की डीपीआर का मूल्यांकन करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता आईपीएच एनके त्रिवेदी, अधिशासी अभियंता मुकेश हीरा, हरोली ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, खादी बोर्ड के निदेशक सतीश बिट्टू, जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक ठाकुर, प्रधान कुठारबीत संतोष कुमारी, उपप्रधान किशन सिंह, प्रधान पालकवाह संदीप, बीडीसी सदस्य शेषपाल सिंह, सतपाल चौधरी, पूर्व प्रधान बलवीर बिट्टू, महिला मंडल प्रधान ममता रानी, कैप्टन शक्ति चंद, ईश्वर सिंह, नंबरदार रणजीत सिंह, बलराम सहित अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।