राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की आपातकालीन वर्चुअल बैठक में जताई चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिला ऊना की आपातकालीन वर्चुअल बैठक जिला अध्यक्ष राकेश चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को संपन्न हुई। इसमें संघ ने कहा कि विभाग और सरकार प्राथमिक निदेशालय के पुनर्गठन के बाद अब प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था के ढांचे को समाप्त कर अध्यापकों के अधिकारों का हनन कर रही है।
खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी केंद्र मुख्य शिक्षक के प्रशासनिक नियंत्रण को खत्म किया जा रहा है। यह चिंताजनक है। कहा कि विभाग के बयान आ रहे हैं कि प्राथमिक अध्यापकों को पदोन्नति पर मिलने वाली प्रशासनिक शक्तियां पूर्णतः समाप्त कर दी जाएंगी। अगर ऐसे निर्देश विभाग देता है तो प्राथमिक शिक्षक सरकार और विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे। प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से कड़े निर्णय लेकर संघर्ष का बिगुल बजा दिया जाएगा। सरकार और विभाग से प्राथमिक शिक्षक संघ पुरजोर मांग करता है कि प्राथमिक शिक्षकों के हितों के साथ बिल्कुल छेड़छाड़ न हो। वर्चुअल बैठक में जिला महासचिव सतिंदर मिन्हास, वरिष्ठ उपप्रधान हरमीक सिंह, कोषाध्यक्ष जगमोहन मनकोटिया, महिला विंग अध्यक्ष आशा कुमारी, अंजू कुमारी, राजकुमारी, राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ कोषाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, खंड प्रधान जगदेव सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।