मांगों को लेकर प्रदर्शन करते एचअारटीसी कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने लंबित मांगों को लेकर निगम के खिलाफ तेवर तल्ख कर लिए हैं। शुक्रवार को स्थानीय वर्कशाप में कर्मचारियों ने गेट मीटिंग कर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर, शिव कुमार, सुरेश ठाकुर, मान सिंह ठाकुर, राजू राम, सोनी कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शंकर सिंह ठाकुर ने कहा कि एचआरटीसी कर्मचारियों को वेतन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन देने के लिए ब्याज पर लोन लेना पड़ा तो इन हालातों में निगम के दर्जनों अधिकारियों को बिना खाली पद के पदोन्नतियां बांटने और चहेते सेवानिवृत्तों को दोबारा मनमाने तरीके से नौकरी देने का क्या अधिकार है? उन्होंने कहा कि एचआरटीसी निगम कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक बोझ से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में भर्ती किए गए 134 परिचालकों में से सिर्फ एक ही व्यक्ति को नियमित किया गया है, जिससे साफ जाहिर होता है कि अपने चहेतों को लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम ऐसा भेदभाव क्यों कर रहा है, इसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि एचआरटीसी प्रबंधन और सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को शीघ्र पूरा न किया तो 26 मई को शिमला में प्रदेश के तमाम कर्मचारी विरोध दर्ज करवाएंगे। इसकी जिम्मेवारी सरकार और विभाग की होगी। इस अवसर पर राजेश कुमार, प्रवेश कुमार, शक्ति कुमार, रमेश कुमार, प्रदीप कुमार, जागीर सिंह, सुरेंद्र कुमार, संदीप कुमार, सुरजीत कुमार, राम सिंह, रोहित, यशपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।