ऊना। कोरोना के बढ़ रहे मामले और शिक्षण संस्थान में अवकाश के चलते एचआरटीसी ऊना ने अपने 25 रूट बंद करने का फैसला लिया है। एचआरटीसी की तरफ से सवारियों की कमी इसके पीछे बड़ी वजह माना जा रहा है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने इसके लिए वीरवार को निर्देश जारी कर दिए हैं। जिले में बीते कुछ दिनों में ही कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं।
लोग अब बसों में सफर करने से भी कतरा रहे हैं। दूसरी तरफ कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण सरकार की तरफ से सभी शिक्षण संस्थानों को भी 26 जनवरी के लिए बंद कर दिया गया है। इसके चलते एचआरटीसी के कई रूटों पर बसें खाली दौड़ रही हैं। सवारियां न होने के चलते एचआरटीसी को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। परिवहन निगम ने इस कारण डिपो के 25 रूटों को अगले आदेशों तक बंद रखने का निर्णय लिया है। ऐसे में इन रूटों पर जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस संबंध में आरएम ऊना सुरेश धीमान ने कहा कि सवारियों की कमी के चलते रूट बंद किए हैं। सवारियों की संख्या बढ़ने पर ही इन रूटों पर बस सेवा को बहाल किया जाएगा।
बॉक्स
यह रूट हुए बंद
एचआरटीसी ऊना की तरफ से ऊना-कोटला ऊना, टकोली-ऊना-बंगाणा, हरोली-चंडीगढ़-ऊना, ऊना कालका-ऊना, ऊना-दौलतपुर-ऊना, अंब मुद्रिका, मेहरे-नंगल-डोह-ऊना, बंगाणा मुद्रिका, तूतड़ू-मेहरे, ऊना-सासन-ऊना, जानानी-ऊना, ऊना-पंगलू, ऊना-धमांदरी-ऊना सुबह आठ बजे, ऊना-हलेड़-ऊना, ऊना-झंबर-ऊना, ऊना-भिंडला-ऊना, सुजानपुर-ढल-सुजानपुर, ऊना-भाखड़ा, ऊना-धमांदरी-ऊना दोपहर 12.45, ऊना-धमांदरी-ऊना दोपहर 2.30, ऊना-भीहड़ू-ऊना, ऊना-पंजावर-ऊना, ऊना-तलवाड़ा, ऊना-बनगढ़-ऊना व ऊना-शिमला-मुकेरियां रूट शामिल हैं।