ऊना। जिले के स्कूलों में स्कूल बैग का आवंटन अटका हुआ है। बड़ी संख्या में बैग की खेप शिक्षा खंडों के पास धूल फांक रही है। इस बीच अब शिक्षा विभाग ने स्कूलों से बैग के बारे में जानकारी मांगी है। पूर्व सरकार के कार्यकाल में बच्चों के लिए स्कूल बैग की खेप स्कूलों में आई थीए लेकिन उसके बाद वितरण की प्रक्रिया चल ही रही थी कि चुनाव आ गए। कांग्रेस सरकार आने के बाद बैग का वितरण रुक गया। कारण यह है कि बैग पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो लगी हुई है। जिले के सरकारी स्कूलों में पहली से 12वीं तक की कक्षाओं में करीब 50,000 विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। इसमें आठवीं तक 40,000 बच्चे पढ़ाई करते हैं। कई विद्यार्थी गरीब वर्ग से हैं और बैग और वर्दियों के लिए सरकारी आवंटन पर निर्भर रहते हैं। बताया जा रहा है कि बैग में मौजूदा सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत बदलाव किया जाएगा और उसके बाद खेप बच्चों में वितरित की जाएगी।
बता दें कि करीब छह माह पहले स्कूलों में वर्दियों का वितरण किया गया, लेकिन बैग के सैंपल पास होने में काफी समय लगा। जब तक मंजूरी मिली, तब तक आचार संहिता लग गई। इसके बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आ गई। स्कूल अब बैग्स के नई खेप के इंतजार में हैं।
जिले में स्कूल बैग की खेप के बारे जानकारी मांगी गई है। विद्यार्थियों को हर साल बैग की आवश्यकता रहती है। उम्मीद है जल्द खेप का वितरण संभव हो पाएगा।
-देवेंद्र चंदेल, उपनिदेशक, जिला प्रारंभिक शिक्षा विभाग।