गगरेट (ऊना)। उपमंडल गगरेट के अंबोटा गांव में एक दस वर्षीय बालक को टक्कर मारकर कार समेत फरार हुए चालक को पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जबकि कार को भी कब्जे में ले लिया गया है। कार का नंबर पता नहीं चलने से चालक को ढूंढने में मुश्किलें आ रही थी। इसके बावजूद गगरेट पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों से अहम सुराग जुटाकर कार मालिक के पास गुरदासपुर तक पहुंची और चालक को साथ ले आई।
बता दें कि गगरेट-दौलतपुर चौक सड़क मार्ग पर रविवार सुबह अंबोटा गांव में एक तेजरफ्तार कार ने दस वर्षीय कृष्णा को जोरदार टक्कर मार दी थी। बालक ने पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। दुर्घटना स्थल पर कार के फॉग लैंप की प्लास्टिक की सेटिंग भी गिर गई थी।
गगरेट पुलिस थाना प्रभारी मनोज वालिया ने जब उसे लेकर गगरेट-दौलतपुर चौक सड़क मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की तो सफेद रंग की एक कार की फाग लैंप की सेटिंग अंबोटा से पहले तो दिखाई दी, लेकिन घनारी और चलेट के सीसीटीवी फुटेज में एक कार की यह सेटिंग गायब थी। इस पर जब उस कार की पड़ताल की तो वह पंजाब के गुरदासपुर जिले के एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत निकली।
मंगलवार को पुलिस की टीम गुरदासपुर के लिए रवाना हुई और वहां जाकर कार की शिनाख्त कर उसे जब्त कर लिया और कार चालक को पुलिस साथ लेकर आ गई है। पुलिस कार चालक से मामले में पूछताछ कर रही है। एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।