अंब (ऊना)। अंब-ऊना मार्ग पर कटौहड़ कलां के पास 5 अप्रैल को हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने करीब पांच महीने बाद आरोपी कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने हादसे में शामिल कैंटर की पहचान कर उसे भी बरामद कर लिया है। हिट एंड रन का आरोपी चालक सहारनपुर का रहने वाला है।
5 अप्रैल की रात कटौहड़ कलां के पास कोटला चक्कसराय निवासी 28 वर्षीय सिकंदर अली पुत्र शेरदीन सड़क पर गंभीर हालत में मिला था। राहगीर की मदद से उसे नागरिक अस्पताल अंब पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया था।
इसके बाद अंब थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने मामले की छानबीन के दौरान घटनास्थल से मिले सुरागों और अन्य तथ्यों के आधार पर दुर्घटना में शामिल कैंटर का पता लगाया।
जांच में कैंटर सहारनपुर निवासी व्यक्ति के नाम सामने आया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ हिट एंड रन के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है।