भाषण, निबंध लेखन और प्रश्नोतरी प्रतियोगिता का होगा आयोजन
प्रत्येक प्रतियोगिता में केवल एक ही प्रतिभागी ले सकता भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। भाषा एवं संस्कृति विभाग भाषा के उन्नयन के लिए अनेक हिंदी भाषी कार्यक्रमों का आयोजन करवा रहा है। हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के लिए विभाग विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सरकारी व गैर सरकारी पाठशालाओं के 11वीं से़ 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की हिंदी भाषण प्रतियोगिता, हिंदी निबंध लेखन प्रतियोगिता, हिंदी प्रश्नोतरी प्रतियोगिता करवा रहा है।
जिला भाषा-संस्कृति अधिकारी नीलम चंदेल ने बताया कि विजेता और उपविजेता विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भेजा जाएगा, इसलिए जिला स्तर पर भाग लेने हेतु इच्छुक विद्यार्थियों के नाम 27 अगस्त तक कार्यालय जिला भाषा एवं संस्कृति विभाग ऊना में व्यकितगत/पत्राचार/या ईमेल के माध्यम से दर्ज करवाएं। सभी प्रतियोगिताएं करवाने का स्थान व समय के बारे में विद्यार्थियों के संबंधित स्कूलों को दूरभाष संदेश/द्वारा अवगत कर दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर -01975-224199 या विभागीय ई मेल dlouna76gmail.com संपर्क कर सकते हैं। प्रत्येक प्रतियोगिता में केवल एक-प्रतिभागी ही भाग ले सकता है। विद्यालयों से तीनों प्रतियोगिताओं में केवल तीन प्रतिभागी ही भाग ले सकते हैं।
प्रतियोगिता की समयसीमा और अंक
जिला स्तरीय स्कूली प्रतियोगिता में हिन्दी भाषण प्रतियोगिता में कुल अंक-50, समयसीमा 3-5 मिनट तक होगी, जिसमें तकनीकी युग में हिंदी भाषा और हिंदी का वर्तमान और भविष्य दो विषय होंगे। हिंदी निबंध लेखन में कुल अंक-50, समयसीमा -एक घंटा और शब्द सीमा-250-500 तक होगी। इसमें भारत का गौरव हिंदी और आधुनिक शिक्षा पद्धति में हिंदी की दशा एवं दिशा दो विषय होंगे। हिंदी प्रश्नोतरी प्रतियोगिता कुल अंक-50, समय सीमा-एक घंटा और विषय हिंदी साहित्य तथा हिंदी व्याकरण पर वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे।