लोगों को सुबह-शाम सैर न करने की दी सलाह
अस्थमा और सांस से संबंधित रोगियों की बढ़ सकती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में पड़ रही धुंध और वायु प्रदूषण के चलते विभाग ने लोगों को स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए अलर्ट किया है। इस दौरान विशेष रूप से सांस से संबंधित रोगियों की दिक्कतें बढ़ जाती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सुबह व शाम को पड़ रही धुंध के दौरान सैर न करने का आग्रह किया है। इसके अलावा स्वास्थ्य संबंधित कोई दिक्कत होने पर केमिस्ट से सीधे दवाई न लेकर अस्पताल में जाकर चिकित्सक से जांच करवाने के बाद ही दवाई लेने के कहा है।
धुंध की दस्तक के साथ वायु प्रदूषण के चलते लोगों में स्वास्थ्य से संबंधित दिक्कतेंं भी बढ़ना शुरू हो गई हैं। जिले में बीते एक सप्ताह से धुंध का दौर शुरू हो गया है। इसके अलावा बीते एक सप्ताह से वायु प्रदूषण में भी इजाफा हुआ है। इसे लेकर सलाह दी गई है कि लोग उच्च प्रदूषण वाले क्षेत्रों, भारी ट्रैफिक वाले सड़कों, उद्योगों और निर्माण स्थलों से दूर रहें। सुबह और शाम में बाहरी गतिविधियों से बचें। घर की खिड़कियां दोपहर में 12 से 4 बजे के बीच खोलें। लकड़ी, कोयला, गोबर, केरोसिन के धुएं और बीड़ी, सिगरेट से परहेज करेंं। घर में गीले कपड़े से सफाई करें और धूल से बचें। आंखों को साफ पानी से धोएं तथा गुनगुने पानी से गरारे करें, पोषक आहार लें और पर्याप्त पानी पीयें। गंभीर प्रदूषण वाले क्षेत्रों में मास्क पहनें। इस दौरान सांस रोग से पीड़ित लोगों की स्वास्थ्य संबंधित दिक्कतें बढ़ जाती हैं। ऐसे में ऐसे रोगियों को धुंध के दौरान विशेष रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा जिले के अस्पतालों में भी इन दिनों वायरल से सबसे अधिक पीड़ित आ रहे हैं। सुबह-शाम धुंध से बचने के लिए गर्म कपड़ों का प्रयोग करने की सलाह दी जा रही है। क्षेत्रीय अस्पताल में ही वायरल के 50 से 60 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
कोट्स
इन दिनों जिले में सुबह-शाम धुंध के साथ वायु प्रदूषण की समस्या भी बढ़ी है। इससे लोगों में स्वास्थ्य संबंधित दिक्कतें भी बढ़ी हैं। ऐसे में उन रोगियों को विशेष सलाह दी जा रही है कि वह धुंध के दौरान घरों से बाहर न निकलें।
डॉ. एसके वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना।