गारबेज कलेक्शन व्यवस्था होगी मजबूत, घरों और संस्थानों की तैयार होगी रिपोर्ट
विज्ञापन
सेवा लेने के बावजूद शुल्क जमा नहीं करवाने वालों पर रहेगा फोकस, वार्ड स्तर पर होगी निगरानी खास खबर संवाद न्यूज एजेंसी ऊना। शहर में डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नगर निगम ने शुल्क जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड तैयार करने का फैसला लिया है। निगम की ओर से ऐसे घरों, दुकानों और संस्थानों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जो नियमित रूप से कूड़ा उठाने की सुविधा का लाभ ले रहे हैं, लेकिन निर्धारित शुल्क जमा नहीं करवा रहे हैं। इससे निगम को शुल्क वसूली की व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ गारबेज कलेक्शन की वास्तविक स्थिति का भी पता चल सकेगा। शहर में घर-घर से कूड़ा उठाना नगर निगम की प्रमुख सेवाओं में शामिल है। निगम की गाड़ियां अलग-अलग वार्डों और मोहल्लों में पहुंचकर कूड़ा एकत्रित करती हैं। व्यवस्था के संचालन के लिए उपभोक्ताओं से निर्धारित शुल्क लिया जाता है, लेकिन कई उपभोक्ता शुल्क जमा नहीं करवा रहे हैं।
विज्ञापन
शुल्क नहीं देने वालों पर रहेगा फोकस नगर निगम डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन से जुड़े उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड व्यवस्थित करेगा। इसमें यह देखा जाएगा कि किन घरों, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों से नियमित कूड़ा उठाया जा रहा है और इनमें से कितने उपभोक्ता शुल्क जमा करवा रहे हैं। शुल्क नहीं देने वालों की अलग रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके आधार पर निगम शुल्क वसूली और आगामी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा। रिपोर्ट तैयार होने के बाद निगम के पास शहर में गारबेज कलेक्शन सेवा से जुड़े उपभोक्ताओं और शुल्क जमा करवाने वालों का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध होगा। इससे वार्ड स्तर पर व्यवस्था की निगरानी भी आसान होगी।
कोट शहर में स्वच्छता को लेकर नगर निगम प्रबंधन सतर्क है। डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन योजना के तहत शुल्क न देने वालों की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद इस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -पृथी पाल सिंह, आयुक्त, नगर निगम ऊना