नगर परिषद ऊना के बिना नंबर प्लेट के कूड़ा उठाने वाले वाहन।
- फोटो : Una
ऊना। जिला मुख्यालय ऊना में नियमों को ताक पर रखकर नगर परिषद के कूड़ा उठाने वाले वाहन दौड़ रहे हैं। ये वाहन बिना नंबर प्लेट के ही शहर भर में दौड़ रहे हैं। वहीं ऊना की स्मार्ट पुलिस के अलावा परिवहन विभाग के अधिकारियों की नजर भी इन वाहनों पर नहीं है। जबकि नगर परिषद के अधिकारी इस मामले में सुस्त रवैया अपनाए हुए हैं। यही वजह है कि धड़ल्ले से इन वाहनों का संचालन हो रहा है।
ऊना शहर में यह वाहन करीब पांच माह से बिना नंबर प्लेट से ही चल रहे हैं। प्रशासन और नगर परिषद इस मामले में गंभीर नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होना शुरू हो गए हैं। बता दें कि नगर परिषद चुनाव से पहले शहर में डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन के लिए पांच वाहन खरीदे गए। इसके बाद से इन वाहनों का प्रयोग डोर टू डोर गारबेज कलेक्शन की योजना के तहत किया जा रहा है।
इन गाड़ियों को चलते पांच माह से अधिक का समय हो गया है। इसके बावजूद इन पर नंबर प्लेट नहीं लग पाई है। आलम यह है कि यह वाहन रोजाना शहर के सभी वार्डों और सड़कों पर चलते हैं लेकिन इनकी नंबर प्लेट पर किसी नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी का ध्यान आज तक नहीं गया है। ऐसे में अगर इन वाहनों से अगर कोई हादसा हो जाता है तो उसका जिम्मेवार कौन होगा यह भी एक बड़ा सवाल है।
पुलिस की तरफ से नंबर प्लेट न होने पर आमजन का तुरंत चालान काट दिया जाता है लेकिन यातायात पुलिस की पैनी नजर भी इन वाहनों पर नहीं अभी तक नहीं पड़ी है। सरकार और प्रशासन की तरफ से समय-समय पर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन इन अभियान को सही मायने में सरकारी विभाग की अनदेखा कर रहे हैं।
इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी ने बताया कि इस मामले की जांच की जाएगी। वाहनों पर जल्द ही नंबर प्लेट लगाई जाएगी। इस मामले में आरटीओ ऊना रमेश चंद कटोच ने बताया कि वाहन का जब तक पंजीकरण नहीं होता है तब तक नंबर प्लेट जारी नहीं होती है। अगर कोई इस प्रकार का मामला होता है तो इसमें जुर्माने का प्रावधान है। इस मामले की जांच की जाएगी। इसके बाद कार्रवाई होगी।
नगर परिषद ऊना के बिना नंबर प्लेट के कूड़ा उठाने वाले वाहन।- फोटो : Una