ऊना। प्रसिद्ध बाबा बड़भाग सिंह होला मोहल्ला मेेले के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग इस बार मेला क्षेत्र में चार स्वास्थ्य पोस्ट स्थापित करेगा। इसके अलावा नागरिक अस्पताल अंब में भी स्वास्थ्य टीम 24 घंटे सतर्क रहेगी। मैड़ी स्थित डेरा बाबा बड़भाग सिंह मेले के लिए स्वास्थ्य विभाग मेला क्षेत्र में विभिन्न स्वास्थ्य टीमों की तैनाती करेगा। इसके अलावा स्वास्थ्य जांच के लिए चार स्थानों पर स्वास्थ्य पोस्ट स्थापित किए जाएंगी। इनमें आपातकाल में मरीज को मौके पर उपचार दिया जाएगा। मैड़ी मेले में हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु माथा टेकने के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। विभाग की तरफ से स्थापित स्वास्थ्य पोस्ट में मरीज कोे जांच, दवाइयाें की निशुल्क सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। चिकित्सक के अलावा अन्य पैरामेडिकल स्टाफ भी तैनात रहेगा।
मैड़ी में कोई स्वास्थ्य संस्थान नहीं, इसलिए की व्यवस्था
मैड़ी क्षेत्र के आसपास कोई भी स्वास्थ्य संस्थान नहीं है। ऐसे में मेले के दौरान अगर कोई श्रद्धालु बीमार हो जाए तो उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल अंब ही ले जाना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए इस बार स्वास्थ्य विभाग चार स्थानों में अस्थायी स्वास्थ्य पोस्ट स्थापित करने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य विभाग मैड़ी और नैहरी में एंबुलेंस भी तैनात करेगा ताकि आपातकाल में मरीज को समय रहते अस्पताल में पहुंचाया जा सके। मैड़ी मेला क्षेत्र में इस बार स्वास्थ्य सुविधाओं को पुख्ता बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तैयारी कर रहा है।
बॉक्स
इन स्थानों पर स्थापित होगी स्वास्थ्य पोस्ट
मैड़ी मेले के दौरान नैहरियां, ज्वार, मैड़ी और चरण गंगा में अस्थायी स्वास्थ्य पोस्ट स्थापित होनी हैं। इन पोस्ट में 50 से 70 का स्टाफ तैनात रहेगा।
मैड़ी मेले के दौरान चार स्थानों पर स्वास्थ्य पोस्ट स्थापित की जाएंगी। इसके लिए चिकित्सकों समेत अन्य स्टाफ को निर्देश जारी कर दिए हैं। डाॅ. राजीव गर्ग, खंड चिकित्सा अधिकारी अंब