ऊना। पुलिस थाना सदर के तहत जलग्रां टब्बा में वाहनों की पासिंग को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। इसमें एक पक्ष ने नकदी छीनने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे ने तेजधार हथियारों से वार करने की शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर चार लोगों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज किया है।
पहले पक्ष से वंदन शर्मा निवासी जलग्रां टब्बा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रविवार को जलग्रां टब्बा स्थित अपने कार्यालय में था। जब वह घर लौटने के लिए निकला तो रास्ते में मनीष कुमार गाड़ी लेकर आया। मनीष को गाड़ी साइड में करने के लिए कहा तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इस बीच मनीष ने डंडों से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही 30,000 रुपये की नकदी भी छीन ली।
दूसरे पक्ष से मनीष कुमार निवासी जलग्रां टब्बा ने पुलिस को बताया कि वह रविवार को कार में सवार होकर कहीं जा रहा था। उसके साथ संजीव उर्फ संजू भी बैठा था। रास्ते में सामने से आई गाड़ी को देखकर उसने अपनी गाड़ी साइड में कर ली। सामने से आई गाड़ी में मनीश उर्फ मनी और वंदन शर्मा सवार थे। जब गाड़ी निकली तो मनीष ने उसे गाली दी।
विरोध करने पर मुक्का मारा। इसके बाद मनीष अपने भाई चंदन शर्मा के साथ आया और हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि मनीष उर्फ मनी और उसके भाई चंदन और वंदन शर्मा ने तेजधार हथियार से भी हमला किया। आसपास के लोगों ने उसे बचाया, जबकि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।