नाले को ढकने के लिए नगर परिषद नहीं कर रहा कोई कार्रवाई
खुला गंदा नाला होने के चलते बीमारियों के फैलने का भी रहता है खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला मुख्यालय के मुख्य शहीद भगत सिंह चौक पर गंदे नाले को ढकने के लिए नगर परिषद कोई कदम नहीं उठा रहा है। ऐसे में हर समय इस स्थान पर कोई हादसा होने का खतरा बना रहता है। दूसरी तरफ खुले गंदे नाले से विभिन्न रोगों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
इस समस्या को लेकर नगर परिषद से कई बार नाले को ढकने या इसका चैनलाइजेशन करवाने की मांग की गई है, लेकिन इस पर अभी तक केवल आश्वासन के अलावा धरातल पर कोई काम नहीं हो सका है। शहर में साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं को सही प्रकार से चलाने की जिम्मेदारी नगर परिषद की है। आलम यह है कि शहीद भगत सिंह चौक पर एक गंदा नाला कई वर्षों से खुला पड़ा है। इस नाले को ढकने के लिए अभी तक कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।
बता दें कि बीते भाजपा के कार्यकाल में शहर में करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से नालों के चैनलाइजेशन का कार्य किए गए। इस दौरान भी शहीद भगत सिंह चौक पर गंदे नाले की चैनलाइजेशन नहीं की गई। इसके साथ ही नाले को ढकने का काम भी नहीं किया गया। स्थानीय लोगों में राम पाल, सतीश कुमार, प्रेमचंद, गुरकीरत सिंह, अनमोल, रमन चौधरी, रमेश ठाकुर आदि ने बताया कि इस समस्या पर नगर परिषद को ध्यान देना चाहिए। इस चौक पर रोजाना सैकड़ोंं लोग अंब और अन्य स्थान पर जाने के लिए खड़े होते हैं। साथ ही हजारों लोगों का रोजाना आना-जाना इस चौक से होता है।
कोट्स
नाले को ढकने के लिए जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। इसे लेकर आगामी बैठक में भी विशेष रूप से चर्चा की जाएगी।
-पुष्पा देवी, अध्यक्ष, नगर परिषद
सचित्र