पंडोगा (ऊना)। हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सलोह गांव में शुरू की गई किसान साप्ताहिक मंडी लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। सप्ताह में एक दिन वीरवार को लगने वाली इस मंडी में किसानों और ग्राहकों दोनों को फायदा मिल रहा है।
पहले जहां स्थानीय लोगों को मंडी तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहीं अब गांव के पास ही ताजी सब्जियां और फल उपलब्ध हो रहे हैं। बिचौलियों की गैरमौजूदगी में सीधे खेतों से आई सब्जियां ग्राहकों को लुभा रही हैं, जिससे यहां खरीदारी के साथ भरोसे का माहौल भी बन रहा है। गृहिणियों का कहना है कि बाजार की तुलना में यहां सब्जियां और फल सस्ते व ताजे मिलते हैं, जिससे घरेलू बजट पर भी सकारात्मक असर पड़ रहा है।
वहीं किसानों का कहना है कि शहर की मंडियों में उन्हें अपनी फसल के उचित दाम नहीं मिल पाते थे जबकि यहां वे खुद अपनी उपज बेच रहे हैं और मेहनत का पूरा लाभ मिल रहा है। ग्राहक भी मोलभाव के साथ उनकी मेहनत की सराहना करते हैं। किसानों ने बताया कि इस पहल से न केवल समय और दूरी की बचत हुई है बल्कि उन्हें अपनी उपज का सही मूल्य भी मिल रहा है।
किसान मंडी में हमें अपनी मेहनत का सही मोल मिलता है और समय की भी बचत होती है।
-महेश राणा, किसान दुकानदार
-
यहां ग्राहकों से सीधा संपर्क होता है, जिससे फसल का उचित दाम मिल रहा है।
-सुरेश धीमान, किसान दुकानदार
-
किसान मंडी में व्यवस्था अच्छी है और बाजार से सस्ती और ताजी सब्जियां और फल मिलते हैं।
-रजत शर्मा, ग्राहक
-
आमजन के लिए मंडी की दूरी यहां से ज्यादा है। इस किसान मंडी से एक तो दूरी कम हुई, दूसरा समय की बचत भी हुई।
- मंजीत सिंह, ग्राहक