ऊना में लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा बिजली कट, लोड बढ़ने से जल गई थी बिजली की केबल
ऊना में सुबह 11:30 बजे से लेकर 3:30 बजे तक लगा बिजली का कट
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। रोटरी चौक के पास लगे ट्रांसफार्मर पर बढ़ते बिजली लोड से जली केबल तार की मरम्मत कार्य लंबे बिजली कट का कारण बना। यहां बीते रोज सोमवार केबल मरम्मत किया गया तो मंगलवार को फिर से इसमें दिक्कत आने पर ठीक करने का कार्य चला। इस बीच घंटों तक चले मरम्मत कार्य से कई घरों सहित निजी कार्यालय एवं दुकानदारों को 43 डिग्री सेल्सियस तापमान में बाशिंदों को तड़पाया।
मंगलवार को रोटरी चौक के आसपास सुबह 11:30 बजे गुल हुई बत्ती दोपहर बाद 3:30 बजे बहाल हुई। हालांकि इस बीच सड़क से सटे ट्रांसफार्मर पर केबल को मरम्मत करने के लिए विद्युत कर्मी डटे रहे, लेकिन चार घंटे तक प्रभावित कई लोगों को बिना बिजली के गर्मी के बीच तपना पड़ा। घरों, दुकानों एवं निजी कार्यालयों में बैठे लोग पसीने से सने हुए नजर आए। बार-बार बिजली के आने का अपडेट विद्युत उपमंडल के अधिकारियों से लेते हुए दिखे। इस बीच बिजली की आंख मिचौली आग पर घी डालने का काम करती रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब विद्युत अधिकारियों को इस संबंध में सोमवार का पता था तो सुबह सवेरे इस मरम्मत कार्य को क्यों नहीं निपटाया गया।
दूसरी ओर अधिकारी भी बिजली के बढ़ते लोड के कारण बार-बार केबल जलने की बात कह रहे थे। स्थानीय बाशिंदों में सुनील कुमार, आशु, विक्की, मुकेश कुमार आदि कई दुकानदारों ने भी कहा कि घंटो तक चले केबल मरम्मत कार्य को दोपहर भरी गर्मी के बीच चलाया गया। अगर बीते रोज से यह केबल दिक्कत कर रही थी तो बीते रोज शाम या फिर सोमवार को सुबह सवेरे या शाम को गर्मी से राहत के बीच मरम्मत किया जाता। भरी गर्मी के बीच चले मरम्मत कार्य में छोटे बच्चों, बुजुर्गों आदि बिना बिजली के बेहाल हुए।
रोटरी चौक के कुछ हिस्से में स्थानीय ट्रांसफार्मर के पास केबल जलने से बिजली आपूर्ति बाधित रही है। इसे बीते रोज मरम्मत किया गया था, लेकिन लोड बढ़ने के साथ कई बार केबल जल जाती है, उसे मरम्मत करने में थोड़ा समय लगता है। फिर भी कुछ अंतराल के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो गई थी।
-कुशल कुमार, एसडीओ, विद्युत उपमंडल, ऊना-एक