ऊना। शहरी निकाय के चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को वेयर हाउस से नियंत्रण कक्ष में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
10 जनवरी को होने वाले स्थानीय शहरी निकायों के चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने भारतीय चुनाव आयोग के पालकवाह स्थित वेयर हाउस से 84 ईवीएम मशीनों को नियंत्रण कक्ष में पहुंचा दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने बुधवार को वेयर हाउस में ईवीएम मशीनों का निरीक्षण किया। उपायुक्त के निरीक्षण के बाद ईवीएम मशीनों आयोग के पालकवाह स्थित वेयर हाउस से लघु सचिवालय में स्थापित नियंत्रण कक्ष में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। 84 ईवीएम को नियंत्रण कक्ष में सुरक्षित रख दिया गया है। जिला ऊना की तीन नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा, संतोषगढ़ व ऊना तथा तीन नगर पंचायत गगरेट, दौलतपुर व टाहलीवाल में 10 जनवरी को मतदान के लिए ईवीएम का ही इस्तेमाल किया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार इलेक्शन वीना देवी, नायब तहसीलदार रत्नजीत व संजय कुमार, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा सुरक्षा कर्मी भी उपस्थित रहे।