ऊना। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने साढ़े 33 करोड़ से बनाए जा रहे बीहडू-ऊना एनएच-503 ए का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को समयसीमा के अंदर काम पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मदनपुर बसोली, टांडा तथा तलाई में सड़क निर्माण का कार्य जांचा। इस दौरान लोगों ने उन्हें अपनी समस्याएं भी बताई। इस पर वीरेंद्र कंवर ने वर्षा जल निकासी की व्यवस्था, रिटेनिंग वॉल बनाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऊना से बीहडू तक पहुंचने के लिए 16 किमी लंबी सड़क के सुधारीकरण का कार्य प्रगति पर है, जो जल्द ही पूरा हो जाएगा।
वीरेंद्र कंवर ने बताया कि लठियाणी-मंदली पुल की डीपीआर जुलाई माह तक तैयार कर ली जाएगी। इस नेशनल हाईव के बनने से हमीरपुर जाने वाले यात्रियों के लिए लगभग 18-20 किलोमीटर दूरी कम हो जाएगी। इसके अलावा पर्यटन क्षेत्र को भी नई दिशा मिलेगी। लठियाणी-मंदली पुल के निर्माण से ग्राम पंचायत कोहडरा, बुधान, लठियाणी, तनोह, मलांगड, धुंदला, छपरोह, बुढवार, मंदली, थड़ा, रायपुर, परोईयां समेत अन्य गांवों के लोगों को सुविधा मिलेगी।
एनएच का निरीक्षण करने के बाद वीरेंद्र कंवर ने घरवासड़ा में 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे वन विभाग के विश्राम गृह के प्रगति कार्य भी जायजा लिया। उन्होंने विभाग को कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने बताया कि विश्राम गृह में 4 रूम सेट बनाए जाएंगे। इससे क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी। इस दौरान उनके साथ जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, डीएफओ मृत्युंजय माधव, एसडीओ एनएच राजेश कुमार, आरओ संदीप कुमार, बीओ सुरजीत कुमार, अभय पराशर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।