स्थानीय नंगल-ऊना मुख्य स्टेट हाइवे पर यातायात पुलिस तथा एक बाइक सवार के बीच किसी बात को लेकर पैदा हुए विवाद के मामले ने तूल पकड़ लिया। इस पर गुस्साए लोगों ने स्टेट हाइवे पर जाम लगा दिया। एएसपी मदन लाल ने मौके पर पहुंच कर लोगों को शांत करवाया। वीरवार को मैहतपुर में तैनात यातायात पुलिस कर्मी चालान काट रहे थे। इसी बीच एक बाइक सवार युवक ने यातायात पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए अपना विरोध प्रकट करना शुरू कर दिया।
बाइक सवार बलविंद्र सिंह निवासी भरतगढ़ का आरोप है कि यातायात पुलिस के कर्मी ने उन्हें बेवजह डंडों से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसकी पीठ पर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने बीच बचाव करने का प्रयास किया लेकिन मामला तूल पकड़ता गया और गुस्साए लोगों ने यातायात पुलिस कर्मी के व्यवहार से नाराज होकर स्टेट हाइवे पर जाम लगा दिया। यातायात पुलिस कर्मी तथा युवक के बीच मारपीट का मामला सोशल मीडिया में पहुंच गया। सूत्रों के मुताबिक मैहतपुर में तैनात यातायात पुलिस कर्मी के व्यवहार को लेकर स्थानीय जनता ने इसका काफी विरोध जताया और लोगों के मुताबिक इससे पहले भी कई बार यातायात पुलिस कर्मी कई लोगों के साथ ऐसा ही कथित दुर्व्यवहार कर चुका है।
यातायात पुलिस कर्मी के व्यवहार से नाराजगी के चलते जाम का सिलसिला करीब एक घंटे तक चलता रहा। सूचना मिलने पर एसएचओ ऊना ने मौके पर पहुंच कर जाम की स्थिति को बहाल करवाया। बाद में एएसपी मदन लाल ने भी मैहतपुर का दौरा किया और यातायात पुलिस से नाराज लोगों को समझा बुझा का शांत करवाया। एएसपी द्वारा पीड़ित बलविंद्र सिंह एवं स्थानीय जनता की बात सुनने के बाद मामला शांत हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच करवाएगी तथा जांच के बाद ही स्पष्ट तौर पर कुछ कहा जा सकेगा।