चर्ंतपूर्णी मन्दिर में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी को माता रानी फोटो भेंट देते हुए मन्दिर अधिकारी
- फोटो : Una
भरवाईं (ऊना)। मां चिंतपूर्णी के दरबार में रविवार को दोपहर तीन बजे तक सात हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। दिन भर मंदिर में भक्तों की कतार लगी रही। बाहरी राज्यों से श्रद्धालु माता रानी के दरबार में हाजिरी लगाते नजर आए। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से चिंतपूर्णी के दुकानदार उत्साहित हैं। नियमों का पालन करते हुए मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। रविवार को मंदिर न्यास की एंबुलेंस से दिव्यांग श्रद्धालुओं को मंदिर भवन तक पहुंचाया गया।
मंदिर दर्शनों के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन पर्ची से ही भेजा जा रहा है। रविवार को मंदिर के कपाट सुबह पांच बजे ही खोल दिए गए। मंदिर खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आना जारी हो गया है। मां के भक्तों के लिए तीन जगह पर मंदिर न्यास की ओर से दर्शन पर्ची देने की सुविधा उपलब्ध है।
मंदिर अधिकारी रोहित जालटा ने बताया कि शनिवार को 8200 श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन किए हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को नियमों के पालन करते हुए मंदिर में दर्शन के लिए भेजा जा रहा है।