ऊना। पंजाब के आनंदपुर साहिब के अगमपुर चौक पर जिला कांगड़ा के एक डिपो की हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम की बस चला रहे चालक के साथ निजी वाहन चालक ने मारपीट की। इस घटना में बस चालक को चोट आई और कंडक्टर के साथ भी मारपीट की गई। चालक को आनंदपुर साहिब अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। कंडक्टर भी प्राथमिक इलाज के लिए वहीं है। मुकेश अग्निहोत्री चालक अशोक और परिचालक विजय से पूरी घटना की जानकारी भी ली और उन्हें आश्वस्त किया कि उन्हें हर सुविधा प्रदान की जाएगी। बता दें कि मुकेश अग्निहोत्री सोमवार को दिल्ली जा रहे थे। उन्हें जैसे ही घटना का पता चला तो तुरंत काफिला रोककर अस्पताल पहुंचे और चालक और परिचालक से मिले।
मौके पर पहुंचे पंजाब पुलिस के अधिकारियों को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने निर्देश दिए कि इस मामले में केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। अग्निहोत्री के निर्देश के बाद पंजाब पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज किया और एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया।