बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा के कुटलैहड़ क्षेत्र में शिमला और धर्मशाला के लिए बस सेवा बंद होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत समिति सदस्य जोगिंद्र देव आर्य ने बताया कि विधानसभा चुनावों से पहले शिमला के लिए बस चलती थी, लेकिन चुनावों के बाद यह सेवा बंद कर दी गई। अब यह बस टापरी से शाहतलाई तक ही सीमित है।
उन्होंने स्थानीय विधायक विवेक शर्मा और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मांग की है कि टापरी-शाहतलाई बस को बंगाणा तक बढ़ाया जाए, ताकि समस्या का समाधान हो सके। साथ ही धर्मशाला के लिए भी बस सेवा शुरू करने की मांग की, ताकि लोगों को शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए सुविधा मिले। जोगिंद्र देव आर्य ने कहा कि स्थानीय लोग भी बस सेवाएं शुरू करने की मांग कर रहे हैं, ताकि बंगाणा से शिमला एवं धर्मशाला जाने के लिए आसानी हो सके।