ऊना। वार्ड-9 में बाबा के वेश में आए ठगों द्वारा महिला को झांसा देकर करीब 10 लाख रुपये के गहने ठगने के मामले में वीरवार को पूर्व पार्षद नवदीप कश्यप के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाते हुए कहा कि घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है।
नवदीप कश्यप, विनोद जोशी, राजीव शर्मा सहित अन्य लोगों ने एसपी को बताया कि 25 जुलाई को दो बाइक पर सवार चार लोग पुराना होशियारपुर मार्ग स्थित एक कन्फेक्शनरी की दुकान के पास पहुंचे थे। इनमें से बाबा के वेश में एक व्यक्ति दुकान में गया जबकि उसके अन्य साथी बाहर रहे। आरोप है कि पहले एक महिला ने बाबा के चरणों में गिरकर विश्वास का माहौल बनाया। इसके बाद बाबा ने दुकान संचालिका गोल्डी शर्मा को भी आशीर्वाद देने के बहाने उसके गहने मंगवा लिए। गहनों को कपड़े में लपेटकर वापस देते हुए कुछ देर बाद खोलने को कहा। जब महिला ने घर पहुंचकर कपड़ा खोला तो उसमें गहनों की जगह पत्थर और अन्य बेकार सामान मिला। तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बाबा के वेश में आरोपी लालसिंगी पुल की ओर पैदल जाता दिखाई दिया, जहां पहले से बाइक लेकर खड़ा उसका साथी उसे लेकर भाग गया। दोनों बाइक सवार संदिग्धों की तस्वीरें भी कैमरों में कैद हुई हैं।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान का प्रयास जारी है तथा पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।