गगरेट (ऊना)। पुलिस थाना गगरेट ने शिवबाड़ी-अंबोटा मार्ग पर सड़क किनारे रेहड़ी लगाकर यातायात में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में एक रेहड़ी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब 7:45 बजे थाना गगरेट की टीम गश्त पर थी। इस दौरान शिवबाड़ी में एक व्यक्ति सड़क के किनारे गोलगप्पे की रेहड़ी लगाकर ग्राहकों की भीड़ एकत्र किए हुए था, जिससे राहगीरों और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। पुलिस ने मौके पर मौजूद गवाह की उपस्थिति में रेहड़ी को तत्काल सड़क से हटवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करवाया। पूछताछ में रेहड़ी संचालक की पहचान अरविंद कुमार निवासी जिला बदायूं, उत्तर प्रदेश, जो वर्तमान में गगरेट में किराये पर रह रहा है, के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की जांच जारी है।