विद्युत बोर्ड के तकनीकी कर्मचारी संघ ने रेलमंत्री को लिखी चिट्ठी
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। दौलतपुर चौक से दिल्ली के लिए चलने वाली हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन को राय मैहतपुर रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव दिए जाने की मांग उठने लगी है। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड तकनीकी कर्मचारी महासंघ जिला ऊना के पूर्व प्रधान कुलदीप भट्टी और पूर्व जिला सचिव सुरेश कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से केंद्रीय रेलमंत्री पीयूष गोयल को एक पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि ऊना जिले के प्रवेशद्वार पर बने राय मैहतपुर रेलवे स्टेशन के आसपास करीब एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों से रेलवे बोर्ड भेदभाव कर रहा है। इस इलाके के नागरिकों को दिल्ली जाने के लिए 12 किलोमीटर दूर अथवा पंजाब के नंगल रेलवे स्टेशन पर हिमाचल एक्सप्रेस गाड़ी पकड़नी पड़ती है। इससे उन्हें न केवल भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि टैक्सी आदि के लिए अतिरिक्त किराया भी चुकाना पड़ रहा है। पत्र में तकनीकी कर्मचारी महासंघ के पूर्व पदाधिकारियों ने लिखा है कि यह ट्रेन न तो दौलतपुर से दिल्ली जाते समय और न ही वापसी में स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रुकती है। अगर ट्रेन का दो मिनट के लिए स्थानीय रेलवे स्टेशन पर ठहराव तय किया जाए तो स्थानीय गांवों के साथ नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा, भटोली, चडतगढ़, उदयपुर, सासन, लामलेड़ा नंगडा, मोरबड़, देहलां समेत अन्य गांवों के लोगों को सुविधा हो सकती है।
इन लोगों ने भी किया मांग का समर्थन
सरवन दास, नरेश कुमार, सुभाष सिंह, नरसी राम, रामपाल, रवि कुमार, पवन, मास्टर सुच्चा राम, शिवकुमार, गुरमीत सिंह, ध्रुव राज, हरजीत सिंह, गुरनाम सिंह, पलविंदर सिंह, रामपाल मेहर, बलवंत राम, राकेश, राजेंद्र सिंह, हेमराज, वासुदेव शर्मा सहित अन्य लोगों ने इस मांग का समर्थन करते हुए केंद्रीय मंत्री रेलमंत्री पीयूष गोयल से मांग की है कि लोगों की इस समस्या को देखते हुए जल्द यह सुविधा प्रदान की जाए।