डेढ़ से दो माह पुराना बताया जा रहा शव
शव से अलग हो चुके हैं कई अंग
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। क्षेत्र के श्मशानघाट के नजदीक एक व्यक्ति की पेड़ से लटकती हुई लाश मिली है। देखने में यह करीब डेढ़ से दो माह पुरानी लग रही है और पूरी तरह सड़ चुकी है। इस वजह से व्यक्ति की पहचान करना मुश्किल है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के शिव तालाब मंदिर में रह रहा एक साधु शनिवार को जब गाय को घास लेने के लिए एक छोटी सी पहाड़ी पर गया तो घास काटते वक्त उसकी नजर पेड़ पर लटक रहे कपड़े पर पड़ी। गौर से देखा तो कपड़े के साथ लटका हुआ व्यक्ति नजर आया। मृतक के शरीर पर चेकदार कमीज थी। लाश के साथ पैर नहीं थे। साधु ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा। पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसएचओ कुलदीप सिंह ने बताया कि लाश को कब्जे में लेकर बनती धाराओं के तहत कार्रवाई कर छानबीन शुरू कर दी है।