विधानसभा क्षेत्र हरोली के तहत बाथू में अवैध खनन में जुटे रेत माफिया को ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। यहां खनन माफिया लंबे समय से दिनदहाड़े बिना किसी के डर से स्वां नदी में खनन कर चांदी कूट रहा है। स्वां नदी में चल रहे अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन के भी हाथ खड़े हो गए हैं। सड़कों पर दौड़ रहे रेत से भरे हुए वाहनों से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बाथू गांव में स्वां नदी में दिनदहाड़े चल रहे खनन को रोकने के लिए ग्राम पंचायत प्रधान एवं ग्रामीणों ने शनिवार को स्वां में दबिश दी। ग्रामीणों की दबिश से स्वां नदी में अवैध खनन करने में जुटे खनन माफिया में हड़कंप मच गया। इस दौरान खनन करने वाले इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने खनन माफिया का पीछा किया, लेकिन खनन माफिया ट्रालियां छोड़ ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक शनिवार को स्वां नदी में हो रहे अवैध खनन की सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत प्रधान केके राणा ने ग्रामीणों के साथ स्वां नदी में दबिश दी। पंचायत प्रधान ने मौके पर पहुंचकर मामले की सूचना खनन अधिकारी और पुलिस को दी।
स्थानीय लोगों एचएस राणा, डा. हरबंस सैणी, दर्शन सैणी, अजय कुमार, सुरेश कुमार, यशपाल सिंह, शमशेर सिंह आदि का कहना है कि खनन माफिया स्वां नदी के साथ लगाए गए बांध के पास से रेत उठा रहे हैं, जिससे कभी भी बांध को नुकसान हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से स्वां नदी में अवैध तरीके से हो रहे खनन पर रोक लगाने की गुहार लगाई है। उधर, टाहलीवाल पुलिस चौकी प्रभारी सुरेश शर्मा का कहना है कि पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर पर रेत से भरी तीन ट्रालियां जब्त की हैं। वहीं, जिला खनन अधिकारी नीरजकांत ने बताया कि विभाग ने एक ट्रैक्टर का चालान काटा है। कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।